Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

जर्जर सीवर लाइन बनी मुसीबत, सड़कों पर बह रही गंदगी से लोग परेशान


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

शहर के पुराने इलाकों में दशकों पहले डाली गई सीवर लाइन अब लोगों के लिए बड़ी समस्या बनती जा रही है। जगह-जगह लाइन चोक होने के कारण मेनहाल से गंदा पानी बाहर निकलकर सड़कों और मोहल्लों में फैल रहा है, जिससे लोगों को बदबू और गंदगी का सामना करना पड़ रहा है।

कोठी गेट, बुलंदशहर रोड, मीनाक्षी रोड, रेलवे रोड, फ्रीगंज रोड, गोल मार्केट और गढ़ रोड जैसे इलाकों में स्थिति अधिक खराब बताई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सीवर ओवरफ्लो होने से रास्तों पर चलना मुश्किल हो गया है।

नगर पालिका द्वारा शहरवासियों से गृह, जल और सीवर कर वसूला जाता है। इसके बावजूद पुराने इलाकों की करीब 30 साल पुरानी सीवर लाइन अब जर्जर हो चुकी है। शहर के लगभग 100 मोहल्लों में यह समस्या लगातार बढ़ रही है। वहीं नए बसे क्षेत्रों में अब तक सीवर लाइन नहीं पहुंच पाई है, जिसके कारण नालियों में खुला गंदा पानी बह रहा है।

रामपुर रोड स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट से भी अपेक्षित राहत नहीं मिल पा रही। करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से बने 30 एमएलडी क्षमता वाले प्लांट में फिलहाल बहुत कम मात्रा में सीवर पहुंच रहा है। ऐसे में शहर की गंदगी की समस्या पूरी तरह खत्म नहीं हो पा रही।

अधिशासी अधिकारी संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि नगर पालिका की ओर से प्रतिदिन मशीनों के जरिए अलग-अलग इलाकों में मेनहाल की सफाई कराई जा रही है। जहां अधिक समस्या सामने आ रही है, वहां प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा।