Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

रिया राणा बनी स्कूल टॉपर, जेएमएस वर्ल्ड स्कूल में जश्न का माहौल


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़/मेरठ। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा घोषित कक्षा 12वीं परीक्षा परिणाम में जेएमएस वर्ल्ड स्कूल के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया है। विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा। सभी 68 छात्र-छात्राएं परीक्षा में सफल रहे, जिससे स्कूल परिसर में खुशी और उत्साह का माहौल बना रहा।

विद्यालय की छात्रा रिया राणा ने 95.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर स्कूल टॉपर बनने का गौरव हासिल किया। रिया ने वाणिज्य संकाय में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय में पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं विज्ञान संकाय की सनोबिया सुहैल ने 90.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान हासिल किया। मानविकी संकाय की विशाखा तोमर ने 85.8 प्रतिशत और दीपांशी ने 85.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का मान बढ़ाया। इसके अलावा कुशाग्र खुराना ने 85.2 प्रतिशत तथा विज्ञान संकाय के अविक राज सिंह ने 85 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। 


विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि यह जेएमएस वर्ल्ड स्कूल का केवल तीसरा बोर्ड परीक्षा परिणाम है और इतने कम समय में विद्यार्थियों का शानदार प्रदर्शन विद्यालय की लगातार बढ़ती शैक्षणिक गुणवत्ता को दर्शाता है। विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं के सफल होने पर शिक्षकों और अभिभावकों में भी खुशी की लहर दौड़ गई। 


परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में जश्न का माहौल बन गया। मेधावी छात्र-छात्राओं को मिठाई खिलाकर सम्मानित किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। छात्र-छात्राओं ने अपनी सफलता का श्रेय शिक्षकों के मार्गदर्शन, अभिभावकों के सहयोग और निरंतर मेहनत को दिया।

 
विद्यालय प्रबंधन ने इस उपलब्धि पर प्रधानाचार्य और सभी शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों की लगन और अभिभावकों के विश्वास का परिणाम है। प्रबंधन ने कहा कि विद्यालय आगे भी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने और उन्हें हर क्षेत्र में उत्कृष्ट बनाने के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा।