Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

बिजली संकट पर फूटा लोगों का गुस्सा, बिजलीघर पर हंगामा और जाम


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़ में लगातार बिगड़ रही बिजली व्यवस्था को लेकर बुधवार देर रात लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। कोठीगेट इलाके के उपभोक्ता दिल्ली रोड बिजलीघर पहुंच गए और संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर हंगामा शुरू कर दिया। आक्रोशित लोगों ने फीडर बंद करा दिए, जिससे कई क्षेत्रों की बिजली सप्लाई भी प्रभावित हो गई।

बताया गया कि बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए करीब 150 करोड़ रुपये खर्च किए गए, लेकिन हालात में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। शहर में पिछले दो दिनों से लोग गंभीर बिजली संकट झेल रहे हैं। सोमवार और मंगलवार की रात अधिकांश मोहल्लों में बिजली आपूर्ति बाधित रही, जबकि दिन में लाइन पर कार्य के चलते कई फीडर बंद रखे गए।

बुधवार रात करीब 11 बजे कोठीगेट और माता मोहल्ला समेत कई क्षेत्रों के लोग दिल्ली रोड बिजलीघर पहुंचे। यहां कर्मचारियों के साथ तीखी नोकझोंक हुई और संसाधनों की स्थिति को लेकर नारेबाजी की गई। कुछ लोगों ने गुस्से में फीडर बंद कर दिए, जिससे जिन इलाकों में बिजली आ रही थी वहां भी सप्लाई ठप हो गई।

स्थिति बिगड़ने पर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और लोगों को समझाकर शांत कराया। हालांकि घर लौटने के कुछ देर बाद फिर बिजली गुल हो गई। रात करीब एक बजे कोठीगेट, दिल्ली रोड, लज्जापुरी और अर्जुननगर के लोग दोबारा बिजलीघर पहुंच गए।

लोगों ने अधिकारियों पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए बिजलीघर के बाहर दिल्ली रोड पर वाहन खड़े कर जाम लगा दिया और सड़क पर बैठकर प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर पुलिस फिर मौके पर पहुंची और लोगों को हटाने का प्रयास किया। रातभर बिजली आपूर्ति बाधित रहने से लोग परेशान रहे और कई बार बिजली कर्मियों के साथ मारपीट जैसी स्थिति भी बन गई।

मामले में अधिशासी अभियंता सचिन द्विवेदी ने बताया कि भीषण गर्मी के कारण बिजली की मांग अचानक बढ़ गई है। जो ट्रांसफार्मर पहले सामान्य लोड पर थे, उन पर अब दोगुना दबाव आ रहा है। इससे लगातार फॉल्ट बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि विभाग की पूरी टीम बेहतर बिजली आपूर्ति बनाए रखने के प्रयास में जुटी हुई है।