Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

जीएस विश्वविद्यालय में श्रमिक दिवस पर श्रमवीरों को नमन, सम्मान और उत्साह से गूंजा परिसर


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

जीएस विश्वविद्यालय परिसर में शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस उत्साह, सम्मान और कृतज्ञता के भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों में कार्यरत श्रमिकों को विशेष रूप से आमंत्रित कर उनके योगदान को सराहा गया और सम्मानित किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रमिकों के प्रति आभार और सम्मान का माहौल बना रहा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय के कुलाधिपति गंगा शरण शर्मा ने कहा कि किसी भी राष्ट्र और संस्था की प्रगति में श्रमिकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि किसी भी निर्माण कार्य की नींव से लेकर उसके पूर्ण होने तक और फिर उसके सुचारु संचालन तक, हर स्तर पर श्रमिकों का योगदान आधारशिला के समान होता है। उनके बिना विकास की कल्पना करना संभव नहीं है।


उन्होंने आगे कहा, “श्रमिक अपने कठिन परिश्रम, समर्पण और त्याग के माध्यम से समाज को सुविधा और संरचना प्रदान करते हैं। कई बार वे स्वयं कठिन परिस्थितियों में काम करते हुए भी दूसरों के लिए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करते हैं। उनके श्रम और निष्ठा के कारण ही संस्थान सुचारु रूप से चलते हैं और समाज आगे बढ़ता है। हमें उनके योगदान को न केवल स्वीकार करना चाहिए, बल्कि उन्हें सम्मान और बेहतर सुविधाएं भी प्रदान करनी चाहिए।


इस दौरान विश्वविद्यालय के सभी विभागों के श्रमिकों का पुष्प भेंट कर स्वागत किया गया और उन्हें सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में चीफ विजिलेंस ऑफिसर मनोज शिशोदिया और उपनिदेशक एस.एन. सिंह ने भी श्रमिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि श्रमिकों की मेहनत और समर्पण ही किसी भी संस्था की वास्तविक ताकत होती है। 

कार्यक्रम का समापन सौहार्दपूर्ण वातावरण में हाई-टी के साथ हुआ, जहां विश्वविद्यालय परिवार ने श्रमिकों के साथ समय बिताया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पूरे आयोजन ने श्रमिकों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता का संदेश देते हुए सभी को उनके योगदान को याद करने का अवसर प्रदान किया।