HALCHAL INDIA NEWS
हापुड़।
बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर शुक्रवार को शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें आस्था और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिला। गढ़ रोड स्थित दरोगा वाली गली से शुरू हुई यह शोभायात्रा मीनाक्षी रोड तक पहुंची, जहां रास्ते भर श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। जगह-जगह पर लोगों ने प्याऊ लगाकर यात्रा में शामिल लोगों को पानी पिलाया और सेवा भाव का परिचय दिया। शोभायात्रा के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ शामिल हुए और भगवान गौतम बुद्ध का आशीर्वाद लिया। उनके साथ शहर अध्यक्ष इरफान अहमद सहित पार्टी के कई पदाधिकारी भी मौजूद रहे। यात्रा के दौरान पूरे मार्ग पर भक्तिमय वातावरण बना रहा और लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस मौके पर राकेश त्यागी ने कहा, “बुद्ध पूर्णिमा केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि यह हमें जीवन के मूल्यों को समझने और अपनाने का अवसर देता है। भगवान गौतम बुद्ध ने जिस करुणा, अहिंसा और सत्य का मार्ग दिखाया, वह आज के दौर में और भी अधिक प्रासंगिक हो गया है। समाज में बढ़ती हिंसा, द्वेष और असहिष्णुता को खत्म करने के लिए हमें बुद्ध के विचारों को आत्मसात करना होगा। उन्होंने सिखाया कि मन की शांति और सच्ची खुशी बाहरी साधनों में नहीं, बल्कि हमारे भीतर छिपी होती है।
हमें उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज में प्रेम, भाईचारा और सद्भावना का वातावरण बनाना चाहिए। उन्होंने आगे कहा “यह पर्व हमें याद दिलाता है कि बुद्ध का जन्म, ज्ञान प्राप्ति और महापरिनिर्वाण तीनों ही घटनाएं इसी दिन हुई थीं, जो इसे और भी विशेष बनाता है। आज जरूरत है कि हम केवल उत्सव मनाने तक सीमित न रहें, बल्कि उनके विचारों को अपने जीवन में उतारें। तभी हम एक बेहतर समाज और मजबूत राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं।”
वहीं, अरविंद शर्मा ने भी बुद्ध पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व सभी धर्मों के लोगों को एकता और सद्भाव का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि भगवान बुद्ध को भगवान विष्णु का अवतार माना जाता है, जिससे यह पर्व हिंदू और बौद्ध दोनों धर्मों में समान रूप से आस्था का विषय है।
इस दौरान पीसीसी सदस्य नरेश भाटी, जिला महासचिव गौरव गर्ग, शहर उपाध्यक्ष एजाज अहमद, शहर उपाध्यक्ष खुशनूद अली सहित कई कांग्रेसी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। शोभायात्रा ने शहर में धार्मिक उत्साह और सामाजिक एकता का संदेश दिया, जिसे लोगों ने पूरे मन से सराहा।
.jpg)




.jpeg)




.jpeg)
.jpeg)

.jpeg)



Social Plugin