Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

धनपुरा के जंगल में दिखे तेंदुए का छह दिन बाद भी नहीं मिला सुराग, किसानों में डर का माहौल


HALCHAL INDIA NEWS

सिंभावली क्षेत्र के गांव धनपुरा में तेंदुआ दिखाई देने की घटना के छह दिन बीत जाने के बाद भी वन विभाग उसकी तलाश में सफलता हासिल नहीं कर पाया है। तेंदुए की मौजूदगी की आशंका से ग्रामीणों और किसानों में दहशत बनी हुई है। किसान अब खेतों में अकेले जाने से डर रहे हैं, जिससे खेती और सिंचाई का काम प्रभावित हो रहा है।

बताया गया कि गांव निवासी मयंक और उनके चचेरे भाई विवेक ने रात के समय नहर पटरी के पास सड़क पार करते हुए तेंदुए को देखा था। कार की हेडलाइट और इंजन की आवाज सुनकर तेंदुआ खेतों की तरफ भाग गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी थी।

सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने जंगल और आसपास के इलाके में तलाश अभियान चलाया, लेकिन अब तक तेंदुए का कोई स्पष्ट सुराग नहीं मिल पाया है। ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग की कार्रवाई केवल औपचारिकता बनकर रह गई है और इलाके में भय का माहौल लगातार बना हुआ है।

किसानों का कहना है कि गर्मी के मौसम में फसलों की सिंचाई बेहद जरूरी होती है, लेकिन तेंदुए के डर से खेतों में अकेले जाना मुश्किल हो गया है। कई लोग अब समूह बनाकर खेतों की ओर जा रहे हैं। पशुओं के लिए चारा लाने में भी परेशानी हो रही है।

ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में पिंजरा लगाने और विशेषज्ञ टीम बुलाने की मांग की है, ताकि तेंदुए को जल्द पकड़कर लोगों को राहत दी जा सके।

वहीं वन क्षेत्राधिकारी करन सिंह ने बताया कि विभाग की टीम लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही है। फिलहाल तेंदुए की मौजूदगी का कोई नया सुराग नहीं मिला है, लेकिन जरूरत पड़ने पर पिंजरा लगाने सहित अन्य कदम उठाए जाएंगे।