Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

कॉमर्शियल की जगह घरेलू गैस का इस्तेमाल बढ़ा, उपभोक्ता परेशान


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

जिले में एलपीजी गैस सिलिंडर की आपूर्ति प्रभावित होने से उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। घरेलू गैस की उपलब्धता में कुछ सुधार जरूर हुआ है, लेकिन कॉमर्शियल सिलिंडर की सप्लाई में देरी के कारण बाजारों में घरेलू सिलिंडर का इस्तेमाल बढ़ गया है।

हापुड़, गढ़मुक्तेश्वर और पिलखुवा क्षेत्रों में कई गैस एजेंसियों पर सिलिंडर लेने वालों की भीड़ देखी जा रही है। उपभोक्ताओं का कहना है कि घरेलू सिलिंडर की डिलीवरी बुकिंग के तीन से चार दिन बाद मिल रही है, जबकि कॉमर्शियल सिलिंडर एजेंसियों तक पहुंचने में दो से तीन दिन लग रहे हैं।

बाजार में 19 किलो वाले कॉमर्शियल सिलिंडर की कीमत काफी अधिक होने के कारण छोटे दुकानदार और ठेला संचालक घरेलू गैस सिलिंडर का उपयोग कर रहे हैं। कई लोग अतिरिक्त रकम देकर घरेलू सिलिंडर खरीदने को मजबूर हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ स्थानों पर घरेलू गैस सिलिंडर की कालाबाजारी भी हो रही है। वहीं कॉमर्शियल गैस का इस्तेमाल करने वाले मिठाई दुकानदारों और रेस्टोरेंट संचालकों पर बढ़ी लागत का असर पड़ रहा है।

गढ़ और सिंभावली क्षेत्र की गैस एजेंसियों पर भी उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लगी हुई हैं। लोगों का कहना है कि समय पर रिफिल नहीं मिलने से कई परिवारों को चूल्हे पर खाना बनाने की नौबत आ रही है।

जिला पूर्ति अधिकारी डॉ. सीमा सिंह ने बताया कि जिले में गैस सिलिंडर की आपूर्ति सामान्य बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।