Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

ई-रिक्शा में बैठी महिला से मोबाइल और नकदी लूटने वाले दो बदमाश दबोचे, तमंचे व बाइक बरामद


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

थाना बाबूगढ़ पुलिस ने महिला से मोबाइल और नकदी छीनने की घटना का खुलासा करते हुए दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से महिला से छीना गया मोबाइल, नकदी, अवैध तमंचे और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद की है। दोनों आरोपितों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। पुलिस ने आरोपितों को न्यायालय में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी के अनुसार 11 मई को बछलौता रोड पर एक महिला ई-रिक्शा में बैठकर जा रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने महिला से मोबाइल और नकदी छीन ली थी। मामले में थाना बाबूगढ़ में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस टीम ने सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए घटना का सफल अनावरण कर दिया। 


गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अदनान उर्फ भूरा पुत्र नसीम निवासी मोहल्ला मजीदपुरा और अनस पुत्र इरफान निवासी मोहल्ला मजीदपुरा थाना हापुड़ नगर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से महिला का छीना गया रियलमी कंपनी का मोबाइल, एक हजार रुपये नकद, दो तमंचे 315 बोर, दो जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त टीवीएस राइडर बाइक नंबर यूपी 37 एसी 0898 बरामद की है।


पूछताछ में आरोपितों ने महिला से मोबाइल और नकदी छीनने की वारदात स्वीकार की है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं के साथ आयुध अधिनियम की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं। 


पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपित पहले भी कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं। अनस के खिलाफ लूट और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं, जबकि अदनान पर भी मारपीट और आपराधिक घटनाओं के मामले दर्ज बताए गए हैं।