Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

अटल पार्क, चौराखी और बुलंदशहर रोड समेत कई जगहों के वाटर कूलर बंद, गर्मी में राहगीर परेशान


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

जिले में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच शहर में पेयजल संकट गहराने लगा है। सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए कई वाटर कूलर या तो खराब पड़े हैं या उनमें पानी की सप्लाई बंद है। जहां पानी आ भी रहा है, वहां लोगों को ठंडे पानी की जगह गर्म पानी मिल रहा है, जिससे राहगीरों और आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

अटल पार्क, चौराखी, बुलंदशहर रोड समेत कई प्रमुख स्थानों पर लगे वाटर कूलर खराब पड़े हैं। पार्कों और सार्वजनिक स्थलों पर पानी की पर्याप्त व्यवस्था न होने के कारण लोगों को घर से पानी लेकर निकलना पड़ रहा है। वहीं कई लोग मजबूरी में दुकानों से बोतलबंद पानी खरीद रहे हैं।

गर्मी बढ़ने के साथ पेयजल की मांग लगातार बढ़ रही है, लेकिन व्यवस्थाएं लोगों की जरूरतों पर खरी नहीं उतर पा रही हैं। शहर में आने-जाने वाले यात्रियों और राहगीरों को सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है।

एडीएम संदीप कुमार ने बताया कि गर्मियों में लोगों को पानी की समस्या न हो, इसके लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। जिन स्थानों पर वाटर कूलर खराब हैं, उन्हें जल्द ठीक कराया जाएगा।