Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

हाईवे पर वाहनों का दबाव बढ़ा, दो किलोमीटर लंबा जाम लगा


HALCHAL INDIA NEWS

ब्रजघाट। सप्ताहांत के बाद लौट रहे यात्रियों की भारी भीड़ के कारण रविवार शाम राष्ट्रीय राजमार्ग पर ब्रजघाट से दिल्ली जाने वाली लेन में करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया। जाम में फंसे लोगों को लगभग ढाई घंटे तक भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। तेज गर्मी के बीच महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग सबसे अधिक प्रभावित रहे।

                              

शनिवार और रविवार की छुट्टियों के दौरान दिल्ली, गाजियाबाद समेत आसपास के महानगरों से बड़ी संख्या में लोग परिवार के साथ पहाड़ी और पर्यटन स्थलों की ओर गए थे। सोमवार को कामकाज पर लौटने के लिए अधिकांश लोग रविवार दोपहर बाद वापस निकले। शाम करीब चार बजे क्षेत्र में वाहनों का दबाव अचानक बढ़ गया।

वाहनों की संख्या बढ़ने से गांव अल्लाबख्शपुर स्थित टोल प्लाजा से ब्रजघाट गंगा पुल तक लंबा जाम लग गया। जल्दी निकलने की कोशिश में कई वाहन चालकों ने ओवरटेकिंग शुरू कर दी, जिससे यातायात व्यवस्था और बिगड़ गई।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को नियंत्रित करने के लिए वाहनों को वैकल्पिक संपर्क मार्गों से निकाला। साथ ही सड़क पर बेतरतीब खड़े वाहनों को हटवाकर व्यवस्था बहाल कराई गई। पुलिस की मशक्कत के बाद करीब ढाई घंटे में यातायात सामान्य हो सका।

जाम में फंसे यात्रियों को गर्मी और उमस के कारण काफी दिक्कत हुई। कई लोगों का पानी खत्म हो गया, जिसके चलते वे हाईवे किनारे पानी की तलाश करते दिखाई दिए।

क्षेत्राधिकारी राहुल यादव ने बताया कि हाईवे पर अचानक वाहनों का दबाव बढ़ने से कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बनी थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर यातायात को नियंत्रित किया और आवागमन सुचारू करा दिया।