Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

हापुड़ में फूटा कोरी समाज का गुस्सा, जाति प्रमाण पत्र न बनने पर कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

जाति प्रमाण पत्र जारी न किए जाने से नाराज कोरी समाज के लोगों ने बुधवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर समस्या के समाधान की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि ऑनलाइन आवेदन करने के बावजूद लेखपाल स्तर से उनके आवेदन बिना ठोस कारण बताए निरस्त किए जा रहे हैं, जिससे समाज के लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने में दिक्कत हो रही है।

                            
      

प्रदर्शन के दौरान कोरी समाज के लोगों ने कहा कि जाति प्रमाण पत्र एक महत्वपूर्ण दस्तावेज है, जिसके अभाव में छात्रवृत्ति, शिक्षा, रोजगार समेत विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उनका आरोप है कि बड़ी संख्या में आवेदनों को "कागजात अपूर्ण" बताकर खारिज किया जा रहा है, जबकि यह स्पष्ट नहीं किया जाता कि कौन सा दस्तावेज अधूरा या त्रुटिपूर्ण है।


समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि आवेदन निरस्त होने के बाद लोगों को बार-बार तहसील और संबंधित कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। इससे समय और धन दोनों की बर्बादी हो रही है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि लंबित आवेदनों की निष्पक्ष जांच कर पात्र लोगों के जाति प्रमाण पत्र जल्द जारी किए जाएं।


प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी को सौंपे ज्ञापन में आवेदन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने, निरस्त आवेदनों के स्पष्ट कारण बताने तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की। उनका कहना था कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो समाज के लोग व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।


इस दौरान महेश चंद्र, जितेंद्र कुमार, राकेश, देवेंद्र कुमार, सुनील कुमार सहित बड़ी संख्या में कोरी समाज के लोग मौजूद रहे। प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को उनकी मांगों पर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।