HALCHAL INDIA NEWS
हापुड़। नगर की एंट्री प्वाइंट्स और प्रमुख मार्गों को अब नई रौनक मिलने जा रही है। नगर पालिका प्रशासन शहर को सजाने-संवारने के लिए रंग-बिरंगे फव्वारों की योजना पर काम कर रहा है। इन फव्वारों से न सिर्फ नगर की सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि रात्रि में रोशनी की जगमगाहट शहर को एक नया लुक देगी।
जानकारी के अनुसार, नगर पालिका की ओर से यह कार्य लगभग 45 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा। इसके तहत दिल्ली रोड, गढ़ रोड और बुलंदशहर रोड पर चयनित स्थलों पर फव्वारे लगाए जाएंगे। साथ ही पालिका भवन में पहले से स्थापित फव्वारे को भी पुनः चालू करने की तैयारी है।
डीएम के निरीक्षण के बाद हुई कार्रवाई तेज
पिछले महीने जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय ने रात के समय नगर का निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने शहर की एंट्री को बेहतर बनाने और मुख्य मार्गों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद पालिका प्रशासन ने विभिन्न स्थानों पर भूमि चिह्नित करने की प्रक्रिया आरंभ कर दी है।
प्रत्येक फव्वारे पर अनुमानित 15 लाख खर्च
नगर पालिका के निर्माण विभाग द्वारा तैयार किए गए प्रस्ताव के अनुसार, प्रत्येक फव्वारे पर करीब 15 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। फव्वारों के आसपास सौंदर्यीकरण के साथ-साथ स्वच्छता और जनजागरूकता से जुड़े स्लोगन भी लगाए जाएंगे, जिससे लोगों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित किया जा सके।
पीपीपी मॉडल से विकसित होंगे चौराहे
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि जिले के अधिकारियों के मार्गदर्शन में यह प्रयास किया जा रहा है ताकि शहर की पहचान और सुंदरता में निखार आए। उन्होंने कहा कि केवल मूलभूत सुविधाओं तक सीमित न रहकर शहर को सजाने के लिए भी कार्य किए जा रहे हैं। कई चौराहों को पीपीपी मॉडल के तहत विकसित करने की योजना है, जिसमें निजी संस्थाओं की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी।
"शहर को साफ-सुथरा और आकर्षक बनाना हमारी प्राथमिकता है। रंगीन फव्वारे और सौंदर्यीकरण इसी दिशा में उठाया गया एक कदम है।"
— संजय कुमार मिश्रा, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका
Social Plugin