Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

48 घंटे में गंगा का जलस्तर 50 सेंटीमीटर बढ़ा, अस्थायी घाट डूबने का खतरा

HALCHAL INDIA NEWS

ब्रजघाट। गढ़ ब्रजघाट में बृहस्पतिवार की सुबह गंगा नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। मुख्य स्नान घाट की सीढ़ियों और बीच के टापू पर बने अस्थायी घाट जलमग्न हो गए, जिससे श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर गंभीर खतरा पैदा हो गया।

करीब दो महीने तक गंगा का जलस्तर सामान्य बना हुआ था। गंगा सभा आरती समिति के कानूनी सलाहकार कपिल नागर ने बताया कि बुधवार देर रात से जलस्तर में तेजी आई और बृहस्पतिवार की सुबह तक लगभग दो फीट (लगभग 50 सेंटीमीटर) की वृद्धि हुई। इस कारण आरती स्थल और महिलाओं के वस्त्र बदलने के कक्ष में भी पानी भर गया।

बीच के रेतीले टापू पर बनाए गए अस्थायी घाट पूरी तरह डूब गए हैं। पक्के घाट और जेट्टी की तरफ सुरक्षा के लिए बेरिकेडिंग की गई है, लेकिन अस्थायी घाटों पर कोई व्यवस्था नहीं होने के कारण स्नान करने वालों के लिए खतरा बढ़ गया है।

केंद्रीय जल आयोग के गेज अधिकारी आबाद आलम ने बताया कि मंगलवार की शाम तक गंगा का जलस्तर 197 मीटर (समुद्र तल से) था। 48 घंटों में इसमें 50 सेंटीमीटर की वृद्धि हुई और बृहस्पतिवार को जलस्तर 197.50 मीटर दर्ज किया गया।

एसडीएम श्रीराम सिंह ने बताया कि बिजनौर बैराज से अतिरिक्त जल छोड़ने के कारण यह बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि अस्थायी घाट हटा दिए जाएँ ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।