Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

ठंड ने बढ़ाई कंपकंपी, तापमान में आई गिरावट


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

नए साल के पहले दिन ही सर्दी ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया। सुबह के समय कोहरा कम रहा, जिससे यातायात सुचारु रहा, लेकिन दिनभर तेज ठंडी हवाओं और धूप के न निकलने से गलन काफी बढ़ गई। अधिकतम तापमान में एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई और यह 17 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी देखने को मिली।

पर्वतीय क्षेत्रों में जारी बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में साफ नजर आ रहा है। उत्तर दिशा से चल रही सर्द हवाओं के कारण ठंड और ज्यादा महसूस की जा रही है। लोग ठंड से बचाव के लिए घरों में ही रहना पसंद कर रहे हैं।

गुरुवार को कोहरा छंटने के बावजूद सूर्य के दर्शन नहीं हो सके। दोपहर के समय आसमान में बादल छाए रहे और करीब आठ किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलती रहीं। इससे दिनभर सर्दी का असर बना रहा। शाम होते ही बाजारों और सड़कों पर आवाजाही कम हो गई।

आगे और बढ़ेगी ठंड, कोहरा भी करेगा परेशान

मौसम विशेषज्ञ डॉ. अशोक कुमार के अनुसार अधिकतम तापमान घटकर 17 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पहाड़ों में हो रही बर्फबारी के कारण ठंडी हवाओं और गलन में इजाफा हुआ है।

आने वाले सप्ताह में तापमान और गिरने की संभावना है, जिससे ठंड का प्रकोप बढ़ सकता है। साथ ही सुबह और रात के समय घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है।