HALCHAL INDIA NEWS
गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में रविवार शाम हाईवे पर वाहनों की संख्या अचानक बढ़ जाने से ब्रजघाट टोल प्लाजा पर यातायात प्रभावित हो गया। अल्लाबख्शपुर के समीप स्थित टोल बूथ पर दिल्ली की ओर जाने वाली लेनों में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। घने कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से वाहनों की गति पहले से ही धीमी बनी रही।
बताया जा रहा है कि सप्ताहांत के चलते पहाड़ी इलाकों से लौट रहे पर्यटक वाहनों के साथ-साथ मुरादाबाद और लखनऊ की ओर से आने वाले वाहनों का दबाव एक साथ बढ़ गया। इससे टोल प्लाजा पर व्यवस्था बनाए रखना मुश्किल हो गया और करीब आधे घंटे तक जाम जैसी स्थिति बनी रही। इस दौरान एक एंबुलेंस भी जाम में फंस गई, जिससे मरीज और उनके साथ मौजूद लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
वाहनों की अधिकता के कारण टोल कर्मचारियों पर भी अतिरिक्त दबाव बना रहा। ठंड के मौसम में हाईवे पर फंसे यात्रियों को असुविधा झेलनी पड़ी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और टोल प्रबंधन के सहयोग से यातायात को नियंत्रित किया। वाहनों को क्रमवार निकाले जाने के बाद स्थिति सामान्य हो सकी।
सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि हाईवे पर यातायात भार बढ़ने से कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बनी थी, जिसे समय रहते नियंत्रित कर लिया गया और फिलहाल आवागमन सुचारू है।
.jpg)



.jpeg)
.jpeg)

.jpeg)



Social Plugin