Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

गैस सिलिंडर को लेकर मची अफरा-तफरी, एजेंसियों पर लगी लंबी कतारें


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

अंतरराष्ट्रीय हालात और तकनीकी दिक्कतों के कारण जिले में गैस सिलिंडर की आपूर्ति को लेकर लोगों की चिंता बढ़ गई है। पिछले दो दिनों से पेट्रोलियम कंपनियों का सर्वर ठीक से काम नहीं कर रहा, जिसके चलते उपभोक्ताओं को गैस बुकिंग कराने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई लोगों ने बताया कि बुकिंग नंबर भी नहीं लग रहा और सप्लाई करने वाले वेंडरों से संपर्क करना भी मुश्किल हो रहा है।

इस स्थिति के कारण उपभोक्ता सीधे गैस एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं। बुधवार को शहर की कई एजेंसियों पर सुबह से ही लोगों की भीड़ लगनी शुरू हो गई थी और देर शाम तक लंबी कतारें देखने को मिलीं।

जानकारों के अनुसार पहले गैस सिलिंडर की बुकिंग करीब 15 दिन में हो जाती थी, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों में यह अंतराल बढ़कर लगभग 25 दिन तक पहुंच गया है। दूसरी ओर सोशल मीडिया पर गैस की कमी को लेकर फैल रही खबरों के कारण कई लोग एहतियात के तौर पर पहले से ही सिलिंडर बुक कराने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे कंपनियों के सर्वर पर दबाव बढ़ गया है।

कॉमर्शियल गैस का उपयोग करने वाले होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। कुछ व्यापारियों का कहना है कि बाजार में कॉमर्शियल सिलिंडर सामान्य कीमत से काफी अधिक दर पर मिलने की शिकायतें सामने आ रही हैं।

कविनगर स्थित एक गैस एजेंसी पर सुबह से ही उपभोक्ता पहुंचने लगे थे। कई लोगों ने बताया कि कई बार कोशिश करने के बावजूद गैस बुकिंग नहीं हो पा रही है। एजेंसी के कर्मचारियों ने सर्वर में तकनीकी समस्या होने की बात कही।

गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में भी गैस एजेंसियों पर दिनभर लोगों की भीड़ बनी रही। जिन परिवारों में शादी या अन्य कार्यक्रम हैं, उन्हें गैस सिलिंडर की व्यवस्था को लेकर अधिक चिंता हो रही है।

कुछ ग्रामीणों ने बताया कि एहतियात के तौर पर वे गांव से उपले भी लेकर आए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर चूल्हे पर खाना बनाया जा सके।

दस्तोई रोड की एक एजेंसी पर भी करीब सौ से अधिक लोग सिलिंडर लेने के लिए लाइन में खड़े दिखाई दिए। महिलाओं की भी अच्छी-खासी संख्या कतार में नजर आई।

भीड़ को देखते हुए कोतवाली प्रभारी विनोद पांडेय पुलिस टीम के साथ फ्रीगंज रोड स्थित गैस एजेंसी पहुंचे और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और संयम बनाए रखने की अपील की।

छापेमारी में बड़ी संख्या में सिलिंडर बरामद

देहात थाना क्षेत्र के गांव असौड़ा में पुलिस ने सूचना के आधार पर एक मकान पर कार्रवाई करते हुए करीब 40 भरे और खाली घरेलू गैस सिलिंडर बरामद किए हैं। पुलिस ने मामले की जानकारी संबंधित विभाग को दे दी है। अधिकारियों के अनुसार मकान मालिक से पूछताछ की जा रही है और आगे की जांच जारी है।