Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

सामूहिक विवाह समारोह की तैयारी पूरी, पंडाल सजा; अधिकारियों ने परखी भोजन और उपहारों की गुणवत्ता

HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

दिल्ली रोड स्थित एसएसवी पीजी कॉलेज मैदान में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शनिवार को 517 जोड़ों का विवाह कराया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। विवाह स्थल पर भव्य पंडाल लगाया गया है और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

शुक्रवार को जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विवाह समारोह के लिए तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की जांच की। साथ ही नवविवाहित जोड़ों को दिए जाने वाले उपहार और अन्य सामग्री का भी भौतिक सत्यापन कराया गया, ताकि कार्यक्रम में किसी प्रकार की कमी न रह जाए।

बताया गया कि पहले यह आयोजन फरवरी माह में प्रस्तावित था, लेकिन तैयारियों में लापरवाही सामने आने के बाद कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया था। इसके बाद संबंधित फर्म को ब्लैकलिस्ट करते हुए दोबारा टेंडर प्रक्रिया कराई गई। इस बार आयोजन की जिम्मेदारियों के लिए अलग-अलग समितियां बनाई गई हैं।

विवाह समारोह के लिए कॉलेज परिसर में जर्मन हैंगर लगाया गया है। योजना के तहत 340 हिंदू और 177 मुस्लिम जोड़ों का विवाह संपन्न कराया जाएगा। प्रत्येक जोड़े को गृहस्थी के लिए करीब 25 हजार रुपये का सामान दिया जाएगा, जबकि 60 हजार रुपये की धनराशि वधु के बैंक खाते में भेजी जाएगी। इसके अलावा प्रति जोड़ा करीब 15 हजार रुपये आयोजन पर खर्च किए जाएंगे।


जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय ने बताया कि सामूहिक विवाह कार्यक्रम के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और भोजन सहित अन्य व्यवस्थाओं की गुणवत्ता भी जांच ली गई है।