Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

खुडलिया गांव में रजवाहे के पास तेंदुआ दिखने की चर्चा, ग्रामीणों में भय


HALCHAL INDIA NEWS

सिंभावली। थाना क्षेत्र के गांव खुडलिया में रजवाहे के पास तेंदुआ देखे जाने की सूचना के बाद ग्रामीणों में डर का माहौल बन गया है। बुधवार को खेतों में काम करने गई महिलाओं ने एक जंगली जानवर को देखकर शोर मचा दिया, जिसके बाद गांव के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए।

ग्रामीणों के मुताबिक सुबह कुछ महिलाएं खेतों में मटर तोड़ने के लिए गई थीं। इसी दौरान रजवाहे के पास उन्हें तेंदुए जैसा जानवर दिखाई दिया। महिलाओं के शोर मचाने पर आसपास काम कर रहे किसान और ग्रामीण वहां पहुंच गए। कुछ लोगों ने उस जानवर को नहर की दिशा में जाते हुए भी देखने की बात कही।

सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम गांव पहुंची और क्षेत्र का निरीक्षण किया। वनकर्मियों ने आसपास के स्थानों पर संभावित पंजों के निशान तलाशने के साथ ही इलाके में निगरानी बढ़ा दी है।

तेंदुए की खबर फैलने के बाद कई किसान खेतों पर जाने से बच रहे हैं। वहीं महिलाएं और बच्चे भी घर से बाहर निकलने में डर महसूस कर रहे हैं।

वन क्षेत्राधिकारी करन सिंह ने बताया कि मामले की जांच के लिए टीम को मौके पर भेजा गया है। साथ ही क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे सतर्क रहें और खेतों में जाते समय समूह में जाएं।