Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

गैस की अफवाह से एजेंसी पर लगी भीड़, उपभोक्ताओं की लंबी कतारें


HALCHAL INDIA NEWS

पिलखुवा। गैस सिलेंडर की कमी की चर्चा फैलने के बाद शनिवार को मोदीनगर रोड स्थित राणा एचपी गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं की भारी भीड़ देखने को मिली। सुबह से ही लोग सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी पहुंचने लगे, जिसके चलते बाहर लंबी कतारें लग गईं और कई लोगों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर गैस की किल्लत को लेकर तरह-तरह की बातें फैल रही हैं। इन खबरों से घबराकर कई उपभोक्ता बिना बुकिंग के ही एजेंसी पर सिलेंडर लेने पहुंच गए, जिससे वहां भीड़ बढ़ गई।

एजेंसी संचालक विक्रांत तोमर ने बताया कि गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और उपभोक्ताओं को किसी तरह की चिंता करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से एलपीजी की उपलब्धता को सुनिश्चित करने के लिए आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत किया गया है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि अफवाहों पर भरोसा न करें और गैस सिलेंडर के लिए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार बुकिंग कराएं। बुकिंग के बाद सामान्यतः दो से तीन दिनों के भीतर सिलेंडर घर तक पहुंचा दिया जाता है, इसलिए एजेंसी पर अनावश्यक भीड़ लगाने से बचें।

एजेंसी प्रबंधन ने भी लोगों से संयम बनाए रखने और व्यवस्था को सुचारु रूप से चलाने में सहयोग करने की अपील की है, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस की सुविधा मिल सके।