Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

पेंशन के लिए बुजुर्गों को भटकना पड़ रहा, वर्षों बाद भी नहीं मिल पा रहा लाभ


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

वृद्धा और विधवा पेंशन योजना का लाभ पाने के लिए जिले के कई बुजुर्ग लंबे समय से परेशान हैं। दस्तावेजों में कमी, बैंक खाते की लिंकिंग और सत्यापन लंबित होने की बात कहकर उन्हें बार-बार समाज कल्याण विभाग के कार्यालय भेजा जा रहा है। इससे बुजुर्गों को लगातार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।

आवेदकों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बाद भी पेंशन शुरू नहीं हो सकी है और विभाग की ओर से स्पष्ट जानकारी भी नहीं दी जाती। दूर-दराज क्षेत्रों से आने वाले बुजुर्गों को कार्यालय पहुंचने में काफी कठिनाई होती है, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ जाती है। उन्होंने मांग की है कि पेंशन योजना की प्रक्रिया को सरल बनाया जाए और तकनीकी दिक्कतों को जल्द दूर किया जाए।

चितौली गांव की रहने वाली दया ने बताया कि उन्होंने पिछले 11 वर्षों में कई बार वृद्धा और विधवा पेंशन के लिए आवेदन किया, लेकिन आज तक उन्हें कोई लाभ नहीं मिला। उनका कहना है कि कार्यालय में भी उन्हें यह नहीं बताया जाता कि आवेदन में क्या कमी है और पेंशन क्यों रुकी हुई है।

सीडीओ हिमांशु गौतम ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी। यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और पात्र लोगों को पेंशन दिलाने की कोशिश की जाएगी।