Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

ओलावृष्टि और बारिश से किसानों की मुश्किलें बढ़ीं, गेहूं की फसल पर पड़ा असर


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

जिले में हुई बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। गढ़मुक्तेश्वर और बाबूगढ़ क्षेत्र के कई गांवों में ओले गिरने से गेहूं की खड़ी फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका है। वहीं हापुड़, पिलखुवा और धौलाना इलाके में तेज बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव हो गया, जिससे लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।

सोमवार से शुरू हुई बारिश का सिलसिला मंगलवार रात और बुधवार तक जारी रहा। इस दौरान मुदाफरा, हरनाथपुर कोटा, धनावली अट्टा, गोहरा आलमगीरपुर, बागड़पुर सहित कई गांवों में ओलावृष्टि दर्ज की गई, जिससे खेतों में तैयार फसल प्रभावित हुई। मौसम में अचानक ठंडक बढ़ने से तापमान भी गिरकर अधिकतम 25 डिग्री और न्यूनतम 14 डिग्री के आसपास पहुंच गया।

बारिश के चलते गेहूं की कटाई और थ्रेसिंग का काम रुक गया है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान की आशंका है। उधर शहर के गढ़ रोड और आसपास के इलाकों में पानी भरने से आवागमन प्रभावित रहा। हापुड़ सीएचसी परिसर के पार्क में भी जलभराव होने से मरीजों और तीमारदारों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। अपनाघर कॉलोनी समेत कई क्षेत्रों में सड़कें पानी से लबालब रहीं।

बेमौसम बारिश का असर गेहूं खरीद केंद्रों पर भी पड़ा है। जिले में बनाए गए 29 क्रय केंद्रों पर अभी तक तुलाई का काम सही ढंग से शुरू नहीं हो सका है और मौसम सामान्य होने के बाद ही खरीद प्रक्रिया तेज होने की उम्मीद है।

जिला कृषि अधिकारी गौरव प्रकाश ने बताया कि जिन किसानों ने फसल बीमा कराया है, वे नुकसान की जानकारी टोल फ्री नंबर 14447 पर दे सकते हैं या कृषि विभाग में शिकायत दर्ज कराकर सर्वे की प्रक्रिया शुरू करा सकते हैं।