Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

सर्वर समस्या से जन्म प्रमाण पत्र बनवाने में दिक्कत, नगर पालिका में लोगों की भीड़


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

नगर पालिका में तकनीकी समस्या के कारण जन्म प्रमाण पत्र बनवाने आए लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पिछले दो दिनों से सर्वर बार-बार ठप होने के चलते काउंटर पर लंबी कतारें लग रही हैं और आवेदकों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। स्कूलों में प्रवेश प्रक्रिया चलने के कारण जन्म प्रमाण पत्र की मांग बढ़ गई है, जिससे लोगों की चिंता बढ़ गई है।

मजीदपुरा निवासी आबिद खान ने बताया कि वह अपने बेटे का जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए लगातार नगर पालिका आ रहे हैं, लेकिन सर्वर डाउन होने की वजह से काम पूरा नहीं हो पा रहा है। उनका कहना है कि स्कूल में दाखिले के लिए प्रमाण पत्र जरूरी है, लेकिन तकनीकी समस्या के कारण देरी हो रही है।

इंद्रगढ़ी निवासी सुमित कुमार ने बताया कि उन्होंने करीब पंद्रह दिन पहले आवेदन किया था, फिर भी प्रमाण पत्र जारी नहीं हुआ है। कर्मचारियों द्वारा सत्यापन प्रक्रिया का हवाला देकर इंतजार करने को कहा जा रहा है, जिससे लोगों में नाराजगी है।

अधिशासी अधिकारी संजय कुमार मिश्रा ने कहा कि सर्वर से जुड़ी तकनीकी दिक्कत को जल्द ठीक कराया जाएगा और लोगों की समस्या का समाधान किया जाएगा।