Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

साइकिल वितरण में छाए विजयपाल आढ़ती, प्रेसवार्ता में सवालों से घिरे प्रभारी सतपाल सैनी


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

सदर विधायक विजयपाल आढ़ती एक बार फिर जनसेवा की अपनी सक्रियता को लेकर चर्चा में रहे। गरीब और दूरदराज गांवों से आने वाली छात्राओं की शिक्षा में आ रही बाधाओं को देखते हुए उन्होंने 50 छात्राओं को साइकिल वितरित कर बड़ी राहत दी। महात्मा ज्योतिराव फुले की जयंती के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी।


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा हापुड़ जिला प्रभारी व पूर्व सांसद सतपाल सैनी मौजूद रहे। विधायक ने कहा कि कई छात्राएं आर्थिक तंगी के कारण रोजाना स्कूल आने-जाने का किराया वहन नहीं कर पातीं, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित होती है। साइकिल मिलने से अब वे बिना किसी परेशानी के नियमित रूप से स्कूल जा सकेंगी। साइकिल वितरण के बाद आयोजित प्रेसवार्ता में जिला प्रभारी सतपाल सैनी से जब हापुड़ भाजपा जिला कमेटी में आपराधिक मुकदमों से जुड़े लोगों को पद दिए जाने को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने इस पर अनभिज्ञता जताते हुए सीधा जवाब देने से परहेज किया। उन्होंने कहा कि उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है।


महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पूछे गए सवाल पर सतपाल सैनी ने प्रदेश सरकार की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में महिलाएं सुरक्षित हैं और किसी की हिम्मत नहीं कि उन पर गलत नजर डाले। हालांकि जब जिला कमेटी में महिलाओं से अभद्रता के आरोपित व्यक्ति को पद दिए जाने का मुद्दा उठाया गया तो वे इस सवाल को भी टालते नजर आए। इसके बाद जब भाजपा सरकार में भूमाफियाओं के बढ़ते हौसलों पर सवाल किया गया तो सतपाल सैनी ने जवाब देने के बजाय कहा कि यह कार्यक्रम किसी अन्य मुद्दे पर चर्चा का नहीं है और आज सिर्फ आयोजन पर ही बात होनी चाहिए। 

गौरतलब है कि हाल ही में भाजपा के एक अन्य कार्यक्रम में भी एक मंत्री द्वारा जिला कमेटी को लेकर उठे सवालों पर अनभिज्ञता जताई गई थी। ऐसे में लगातार जिम्मेदार नेताओं का इन मुद्दों पर स्पष्ट जवाब न देना कई सवाल खड़े कर रहा है।