Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

साले की हत्या कर जमीन हड़पना चाहता था जीजा, सिम्भावली पुलिस ने 48 घंटे में खोला सनसनीखेज हत्याकांड


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

थाना सिम्भावली क्षेत्र में नाले के किनारे मिले युवक के शव की गुत्थी को पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर सुलझाते हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने मृतक के सगे जीजा समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपितों के कब्जे से अवैध पिस्टल, तमंचा, जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पूछताछ में सामने आया कि ससुराल की जमीन हड़पने की साजिश के तहत जीजा ने अपने साथी के साथ मिलकर युवक की गमछे से गला दबाकर हत्या कर दी थी।

थाना प्रभारी के अनुसार 12 मई को थाना सिम्भावली क्षेत्र में स्याना बॉर्डर के पास नाले के किनारे एक युवक का शव उसकी मोटरसाइकिल के साथ पड़ा मिला था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान बुलंदशहर जनपद के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के गांव करौंजी निवासी शिवकुमार पुत्र कैलाश के रूप में हुई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया था और हत्याकांड के शीघ्र खुलासे के लिए टीम गठित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे।


जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के साक्ष्य जुटाए और सर्विलांस सहित अन्य माध्यमों से आरोपितों तक पहुंची। पुलिस ने नवादा नहर पुल से बक्सर की ओर जाने वाली सड़क से दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों में विनय कुमार नागर निवासी गोहरा आलमगीरपुर थाना बाबूगढ़, जो मृतक का सगा जीजा है, तथा उसका साथी उदयवीर उर्फ उदेश गुर्जर शामिल हैं।

पूछताछ में आरोपित विनय ने पुलिस को बताया कि वह ससुराल की जमीन अपने कब्जे में करना चाहता था। इसी लालच में उसने अपने साथी के साथ मिलकर शिवकुमार की हत्या की साजिश रची। योजनाबद्ध तरीके से दोनों आरोपित शिवकुमार को अपने साथ लेकर गए और मौका पाकर गमछे से उसका गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को नाले के किनारे फेंककर फरार हो गए, ताकि घटना को दुर्घटना या सामान्य मामला दिखाया जा सके। 

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक अवैध पिस्टल 32 बोर मय दो जिंदा कारतूस, एक अवैध तमंचा 315 बोर मय एक जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। थाना सिम्भावली पुलिस आरोपितों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी है।