हापुड़।
किशोरियों को माहवारी स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सस्टेनेबल डेवलपमेंट सोसाइटी “संदेश” द्वारा चलाया गया ‘महीने के वो पांच दिन’ अभियान जनपद में सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। अभियान के तहत हापुड़, पिलखुवा और धौलाना क्षेत्र के 18 इंटर कॉलेजों में पहुंचकर कुल 8742 छात्राओं को मासिक धर्म से जुड़ी स्वच्छता, पोषण, स्वास्थ्य और मानसिक संतुलन के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
अभियान का शुभारंभ सर्वोदय इंटर कॉलेज, पिलखुवा में संस्था की सचिव डॉ. पूनम सिंह परिहार और सहायक प्रबंधक राहुल सक्सेना ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद विभिन्न विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां विशेषज्ञों और प्रशिक्षित शिक्षिकाओं ने छात्राओं को वैज्ञानिक और व्यवहारिक तरीके से माहवारी से जुड़ी जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम के दौरान किशोरियों को बताया गया कि मासिक धर्म एक प्राकृतिक प्रक्रिया है और इससे जुड़ी भ्रांतियों तथा झिझक को दूर करना बेहद जरूरी है। विशेषज्ञों ने स्वच्छता के सही तरीकों, एनीमिया से बचाव, संतुलित आहार, मानसिक स्वास्थ्य और स्कूल में नियमित उपस्थिति के महत्व पर विस्तार से चर्चा की। छात्राओं को यह भी समझाया गया कि जागरूकता की कमी के कारण कई बार किशोरियां संक्रमण, कमजोरी और मानसिक दबाव जैसी समस्याओं का सामना करती हैं।
अभियान को सफल बनाने में 20 शिक्षिकाओं और संस्था के 14 स्वयंसेवकों ने सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम शुरू होने से पहले शिक्षिकाओं को विशेष प्रशिक्षण दिया गया था, ताकि वे छात्राओं तक सही और तथ्यात्मक जानकारी प्रभावी तरीके से पहुंचा सकें।
संस्था की सचिव डॉ. पूनम सिंह परिहार ने कहा कि किशोरियों को माहवारी स्वच्छता के प्रति जागरूक करना समय की बड़ी आवश्यकता है। जब छात्राएं खुलकर अपनी समस्याओं पर बात करेंगी और सही जानकारी प्राप्त करेंगी, तभी उनका शारीरिक और मानसिक विकास बेहतर तरीके से हो सकेगा।
अभियान के समापन पर विद्यालयों के शिक्षकों और छात्राओं ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में जागरूकता बढ़ाने और किशोरियों में आत्मविश्वास विकसित करने में अहम भूमिका निभाते हैं।
.jpg)
.jpeg)


.jpeg)




.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)



Social Plugin