Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

धान और ढेंचा के बीज पर किसानों को मिल रहा अनुदान


HALCHAL INDIA NEWS

गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र सहित जनपद हापुड़ के विभिन्न राजकीय कृषि बीज भंडारों पर किसानों के लिए धान और ढेंचा के बीज उपलब्ध करा दिए गए हैं। कृषि विभाग की ओर से इन बीजों की खरीद पर किसानों को अनुदान का लाभ भी दिया जा रहा है, ताकि खेती की लागत कम हो सके।

कृषि विभाग के अधिकारियों के अनुसार हापुड़, धौलाना, सिंभावली और गढ़ क्षेत्र के बीज भंडारों पर ढेंचा का बीज उपलब्ध है। इसकी निर्धारित कीमत 156 रुपये प्रति किलो रखी गई है, जिस पर किसानों को 50 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है। 

नियमों के अनुसार एक हेक्टेयर भूमि वाले किसान को 40 किलोग्राम तथा दो हेक्टेयर तक भूमि वाले किसान को 80 किलोग्राम तक बीज उपलब्ध कराया जाएगा। विभाग की ओर से धान की बासमती प्रजातियों का बीज भी भंडारों पर पहुंचा दिया गया है। 

पीबी-1692 और पीबी-1882 किस्म के बीज किसानों को उपलब्ध कराए जा रहे हैं। धान के बीज की कीमत 67 रुपये प्रति किलो तय की गई है, जिस पर करीब 38 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है।

कृषि विभाग ने किसानों से समय रहते बीज खरीदने और योजना का लाभ उठाने की अपील की है।