Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

बदलते मौसम में बच्चों में निमोनिया के मामले बढ़े, अस्पतालों में भीड़ बढ़ी


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। बदलते मौसम के चलते जिले में छोटे बच्चों में निमोनिया और वायरल संक्रमण के मामले बढ़ गए हैं। अस्पतालों में ऐसे बच्चों की संख्या पहले के मुकाबले दोगुनी हो गई है। खांसी, जुकाम और बुखार के कारण कई बच्चों को अस्पताल में भर्ती भी करना पड़ रहा है।

सीएचसी के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. समरेंद्र राय के अनुसार, दिन में धूप निकलने के बावजूद सुबह और शाम की ठंड से बच्चे संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं। बच्चों के फेफड़ों में कफ जमने के कारण उनकी खांसी लगातार बनी रहती है और सांस लेने में कठिनाई होती है।

उन्होंने बताया कि शुरुआती चरण में घर पर दवाओं से इलाज संभव है, लेकिन जब संक्रमण गंभीर हो जाता है तो बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराना जरूरी हो जाता है। विशेषकर शून्य से सात साल तक के बच्चों में मामले ज्यादा देखे जा रहे हैं।

निमोनिया के लक्षणों में गले में खराश, हल्का बुखार, खांसी, कफ जमना, भूख कम लगना और थकान शामिल हैं। गंभीर स्थिति में तेज बुखार, ठंड लगना, पसीना आना, होठों या नाखूनों का नीला पड़ना और सीने में घर-घराहट जैसी समस्या आती है।

सीएमओ डॉ. सुनील कुमार त्यागी ने बताया कि जिले के अस्पतालों में बच्चों के इलाज की सभी सुविधाएं मौजूद हैं और जरूरत पड़ने पर बच्चों को भर्ती कर उनका उपचार किया जा रहा है।