Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

बढ़ती ठंड ने बढ़ाई परेशानी, पारा एक डिग्री और लुढ़का

 

HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

जिले में ठंड का असर लगातार गहराता जा रहा है। बृहस्पतिवार को तापमान में एक डिग्री की और गिरावट दर्ज की गई, जिससे गलन और सर्दी ने लोगों को बेहाल कर दिया। दिनभर चली ठंडी हवाओं ने कंपकंपी बढ़ा दी।

सुबह के समय कोहरे की चादर छाई रहने से सड़कों पर दृश्यता काफी कम रही। खासकर हाईवे पर वाहन चालकों को धीमी गति से चलना पड़ा। दोपहर में सूर्यदेव के दर्शन जरूर हुए, लेकिन धूप में गर्माहट नहीं होने से राहत नहीं मिल सकी।

ठिठुरन के चलते सुबह के घंटों में आम जनजीवन सुस्त रहा। देर सुबह के बाद गतिविधियां बढ़ीं, लेकिन शाम होते ही फिर से ठंड का प्रकोप बढ़ गया।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, अधिकतम तापमान करीब 16 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम का अब तक का सबसे कम स्तर है।

मौसम विशेषज्ञ डॉ. अशोक कुमार के मुताबिक आने वाले दिनों में भी ठंडी हवाएं, कोहरा और पाले जैसी स्थिति बनी रह सकती है, जिससे सर्दी से राहत मिलने की उम्मीद फिलहाल नहीं है।