HALCHAL INDIA NEWS
गढ़मुक्तेश्वर। बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के लहडरा गांव में बुधवार को एक गन्ने के खेत से करीब 30 वर्षीय महिला का अर्धनग्न शव बरामद हुआ। शव का चेहरा पूरी तरह झुलसा हुआ था, जिससे उसकी पहचान नहीं हो सकी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस के अनुसार, हालात को देखते हुए यह आशंका जताई जा रही है कि महिला के साथ पहले दुष्कर्म किया गया और फिर उसकी हत्या कर पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को आग के हवाले किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
जिस खेत में शव मिला, वहां किसान ओमपाल सिंह के यहां गन्ना काट रहे मजदूर पिंटू ने सबसे पहले शव देखा। उसने बताया कि सुबह करीब साढ़े दस बजे उसे खेत के एक कोने में कुछ पड़ा दिखाई दिया। पहले उसने इसे जानवर समझा, लेकिन पास जाकर देखने पर महिला का शव देख वह घबरा गया। उसके शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।
घटनास्थल की स्थिति से यह संकेत मिलते हैं कि हत्या कहीं और की गई और शव को बाद में खेत में लाकर जलाया गया। महिला के कपड़े आंशिक रूप से जले हुए थे और शरीर पर गंभीर जलने के निशान पाए गए। आसपास ऐसा कोई सामान नहीं मिला, जिससे मृतका की पहचान हो सके।
सूचना मिलने पर बहादुरगढ़ थाना पुलिस के साथ एएसपी विनीत भटनागर और सीओ स्तुति हो सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने बताया कि शव करीब दस दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। शरीर की हालत और दुर्गंध से अनुमान लगाया जा रहा है कि वारदात को कई दिन बीत चुके हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को बुलाया गया और तीन विशेष जांच टीमें गठित की गईं। सिंभावली, गढ़ और बहादुरगढ़ थानों के प्रभारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और आसपास के क्षेत्र की गहन तलाशी ली गई। आवश्यक साक्ष्य जुटाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदा महिलाओं की रिपोर्ट खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि मृतका की पहचान और घटना के खुलासे के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
एएसपी विनीत भटनागर ने बताया कि तीन टीमों को जांच में लगाया गया है और अन्य थाना क्षेत्रों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।




.jpeg)
.jpeg)

.jpeg)



Social Plugin