Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

‘सुपर 30’ पहल से 30 महिलाओं को मिली सिलाई मशीनें, महिला दिवस पर आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ा कदम

HALCHAL INDIA NEWS

धौलाना। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस-2026 के अवसर पर धौलाना क्षेत्र में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ‘सुपर 30’ पहल के तहत 30 महिलाओं को सिलाई मशीनें और प्रमाण-पत्र वितरित किए गए, जिससे वे स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बन सकें। कार्यक्रम का आयोजन सस्टेनेबल डेवलपमेंट सोसायटी ‘संदेश’ द्वारा किया गया। 

सिलाई मशीन वितरण समारोह में धौलाना की नायब तहसीलदार दिव्यांशी सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं, जबकि डाबर इंडिया लिमिटेड के सीएसआर हेड ब्यास आनंद विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके आर्थिक सशक्तिकरण पर जोर दिया गया।

संदेश संस्था की सचिव डॉ. पूनम सिंह परिहार ने बताया कि संस्था को सामाजिक कार्य करते हुए 32 वर्ष पूरे हो चुके हैं। संस्था समाज के विभिन्न वर्गों के हित में करीब 32 कार्यक्रम संचालित कर रही है, जिनका उद्देश्य लोगों को आत्मनिर्भर बनाना और उनकी आय के स्रोतों को मजबूत करना है। नायब तहसीलदार दिव्यांशी सिंह ने ‘सुपर 30’ पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रयास महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने से समाज में सकारात्मक बदलाव आता है और ऐसे कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण को नई दिशा देते हैं।

संदेश के सहायक प्रबंधक राहुल सक्सेना ने बताया कि ‘सुपर 30’ पहल का लाभ सपनावत, धौलाना, मुकीमपुर, ऊंचा अमीरपुर और रसूलपुर गांवों में संचालित नारी शक्ति कटाई-सिलाई प्रशिक्षण केंद्रों में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं को दिया गया है।

वहीं संदेश के परियोजना समन्वयक संजीव भारद्वाज ने बताया कि ‘सुपर 30’ प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ संदेश संस्था की सचिव डॉ. पूनम सिंह परिहार और डाबर इंडिया लिमिटेड के सीएसआर हेड ब्यास आनंद द्वारा किया गया था। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सभी प्रशिक्षणार्थियों को सिलाई मशीनें उपलब्ध कराई गईं।

कार्यक्रम के अंत में लाभान्वित महिलाओं ने इस पहल के लिए संदेश संस्था और डाबर इंडिया लिमिटेड का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मोनिका, मोनी शर्मा, सोनिया, चंदा शर्मा, अनिता, राधा, शिखा, रजनी सहित कई प्रशिक्षणार्थी मौजूद रहीं।