Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

70 करोड़ से अधिक की लागत से मसूरी-धौलाना मार्ग होगा चार लेन, क्षेत्र के विकास को मिलेगी नई रफ्तार

HALCHAL INDIA NEWS

धौलाना। धौलाना क्षेत्र के विकास को नई गति देने वाली एक महत्वपूर्ण सड़क परियोजना को शासन की मंजूरी मिल गई है। मसूरी-धौलाना-गुलावठी प्रमुख जिला मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए 70 करोड़ रुपये से अधिक की लागत स्वीकृत की गई है। करीब 7.43 किलोमीटर लंबे इस मार्ग को चार लेन बनाने की दिशा में यह बड़ा कदम माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ-साथ औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत मसूरी-धौलाना-गुलावठी प्रमुख जिला मार्ग के चैनल 5.070 से 12.500 तक सड़क चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण का कार्य कराया जाएगा। इस परियोजना की कुल लंबाई 7.430 किलोमीटर है, जिसके लिए 7003.89 लाख रुपये की लागत स्वीकृत की गई है। यह कार्य लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खंड) हापुड़ द्वारा कराया जाएगा।

इस महत्वपूर्ण परियोजना को आगे बढ़ाने में गाजियाबाद के सांसद अतुल गर्ग का सहयोग रहा है। क्षेत्रीय विकास को ध्यान में रखते हुए इस प्रस्ताव को शासन स्तर पर स्वीकृति दिलाई गई, जिससे धौलाना क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

धौलाना के विधायक धर्मेश सिंह तोमर ने इस सड़क के चौड़ीकरण का प्रस्ताव रखा था। शासन से मंजूरी मिलने के बाद अब इस योजना को जल्द ही धरातल पर उतारने की तैयारी शुरू कर दी गई है। विधायक धर्मेश सिंह तोमर ने बताया कि मसूरी से उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीएसआईडीसी) तक सड़क का चौड़ीकरण पहले ही चार लेन में किया जा चुका है। अब यूपीएसआईडीसी से धौलाना तक सड़क को चार लेन बनाया जाएगा, जिससे इस पूरे मार्ग पर यातायात और अधिक सुगम हो सकेगा।

उन्होंने कहा कि भविष्य में इस मार्ग को धौलाना से गुलावठी तक भी चार लेन बनाने का प्रयास जारी रहेगा। इससे क्षेत्रीय संपर्क व्यवस्था और मजबूत होगी तथा आसपास के गांवों और औद्योगिक क्षेत्रों को बेहतर सड़क सुविधा मिल सकेगी। इस परियोजना के पूरा होने से धौलाना क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। सड़क चौड़ी होने से यातायात सुगम होगा और यूपीएसआईडीसी सहित आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों को बेहतर संपर्क मिलेगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह योजना क्षेत्र के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगी।