Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

आनंद विहार योजना में आवासीय प्लॉट विकसित करने का रास्ता साफ, एचपीडीए की बोर्ड बैठक में कई प्रस्ताव स्वीकृत


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

हापुड़-पिलखुवा विकास प्राधिकरण (एचपीडीए) की 75वीं बोर्ड बैठक मेरठ में मंडलायुक्त भानु चंद्र गोस्वामी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में कुल 17 प्रस्तावों पर चर्चा हुई, जिनमें से 12 प्रस्तावों को मंजूरी दे दी गई।

बैठक में दिल्ली रोड स्थित आनंद विहार आवासीय योजना से जुड़ा एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किया गया। इसके तहत लगभग 20,910 वर्ग मीटर क्षेत्रफल वाले ग्रुप हाउसिंग भूखंड को एकल आवासीय भूखंड के रूप में विकसित करने की स्वीकृति दी गई। इस फैसले से क्षेत्र में आवासीय प्लॉट विकसित करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।

इसके अलावा हरिपुर आवासीय योजना को आगे बढ़ाने के लिए भूमि उपयोग परिवर्तन से संबंधित प्रस्ताव भी स्वीकृत किया गया। मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण और नई शहरी प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत ग्राम चक्रसैनपुर, बाबूगढ़ की करीब 15.79 हेक्टेयर भूमि के उपयोग में बदलाव का निर्णय लिया गया है। इस भूमि के एक हिस्से को हाईवे फैसिलिटी जोन तथा कृषि भूमि से आवासीय उपयोग में परिवर्तित किया जाएगा।

बैठक में खेड़ा देहात क्षेत्र की कुछ जमीन के भू-उपयोग को ट्रांसपोर्ट नगर से बदलकर औद्योगिक श्रेणी में करने का प्रस्ताव भी पास किया गया। इसके साथ ही प्राधिकरण की ट्रांसपोर्ट नगर योजना में स्थित गोदाम, रेस्टोरेंट, बुकिंग ऑफिस, स्पेयर पार्ट्स और अन्य व्यावसायिक उपयोग के भूखंडों को ई-नीलामी के जरिए बेचने का निर्णय लिया गया। एक ही बोलीदाता होने की स्थिति में भी भूखंड आवंटन की प्रक्रिया जारी रखने का प्रस्ताव भी स्वीकृत हुआ।

इसके अतिरिक्त ट्रांसपोर्ट नगर योजना में इंटेलिजेंस ब्यूरो को भूखंड आवंटित करने से जुड़ा प्रस्ताव भी बोर्ड ने पारित कर दिया।

एचपीडीए के उपाध्यक्ष डॉ. नितिन गौड़ ने बताया कि बोर्ड बैठक में पारित प्रस्तावों के बाद हरिपुर आवासीय योजना समेत अन्य विकास योजनाओं को जल्द धरातल पर उतारने की दिशा में काम तेज किया जाएगा।