Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

गैस सिलिंडर की किल्लत की चर्चा से बढ़ी इंडक्शन चूल्हों की मांग


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

घरेलू गैस को लेकर चल रही किल्लत की चर्चाओं का असर अब लोगों की रसोई तक पहुंचने लगा है। गैस सिलिंडर की बुकिंग में देरी और सप्लाई को लेकर फैली आशंकाओं के बीच लोग वैकल्पिक साधनों की ओर रुख कर रहे हैं। ऐसे में बाजार में इंडक्शन चूल्हों की मांग तेजी से बढ़ती नजर आ रही है।

शहर की कई गैस एजेंसियों पर सिलिंडर लेने के लिए लोगों की भीड़ दिखाई दे रही है। वहीं समय पर बुकिंग और डिलीवरी न होने से उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इन हालात में कई परिवार खाना बनाने के लिए इंडक्शन चूल्हे का सहारा लेने लगे हैं।

इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकानों के साथ-साथ ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी इंडक्शन स्टोव की बिक्री बढ़ गई है। होटल, रेस्टोरेंट और रिसॉर्ट से जुड़े लोग भी एहतियात के तौर पर इंडक्शन कुकिंग, ओवन और इलेक्ट्रिक राइस कुकर जैसे उपकरण खरीद रहे हैं।

दुकानदारों के मुताबिक बढ़ती मांग को देखते हुए वे अतिरिक्त स्टॉक मंगवा रहे हैं, ताकि ग्राहकों को सामान की कमी का सामना न करना पड़े। इसके साथ ही इंडक्शन पर इस्तेमाल होने वाले खास बर्तनों की बिक्री में भी इजाफा हुआ है।

तहसील चौपला स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानदार सागर सूरी ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में इंडक्शन चूल्हों की बिक्री पहले की तुलना में बढ़ गई है। पहले जहां महीने में दो-तीन इंडक्शन बिकते थे, वहीं अब एक सप्ताह में चार-पांच तक बिक रहे हैं। बाजार में इंडक्शन चूल्हे लगभग 1500 से 4000 रुपये तक की कीमत में उपलब्ध हैं।