शहर के एक निजी विद्यालय में पहली कक्षा के छात्र की कथित पिटाई का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया। परिजनों ने आरोप लगाया है कि फीस जमा न होने पर स्कूल प्रबंधन ने मासूम बच्चे के साथ बेरहमी से मारपीट की। घटना से आक्रोशित परिजनों ने स्कूल पहुंचकर जमकर हंगामा किया, जिसके बाद पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
आरोप है कि कोटला फूलगढ़ी मिल के सामने गली में स्थित जे.पी. पब्लिक स्कूल में पढ़ने वाले एक छोटे बच्चे को फीस न जमा होने के कारण कथित रूप से प्रताड़ित किया गया। परिजनों का आरोप है कि प्रिंसिपल और उनके बेटे ने छात्र के साथ मारपीट की। बच्चा पहली कक्षा का छात्र है और उम्र भी काफी कम बताई जा रही है।
परिजनों के अनुसार जब बच्चा घर पहुंचा तो उसकी हालत देखकर वे घबरा गए। बच्चे के शरीर पर चोट के निशान होने का दावा किया गया है। इसके बाद परिवार के लोग तुरंत स्कूल पहुंचे और प्रबंधन से जवाब मांगा। इस दौरान स्कूल के बाहर काफी देर तक हंगामा होता रहा और माहौल तनावपूर्ण बना रहा।
स्थिति बिगड़ती देख परिजनों ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत कर मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने परिजनों को निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है।
घायल बच्चे को परिजन तत्काल डॉक्टर के पास ले गए, जहां चिकित्सक की सलाह पर एक्स-रे कराने की तैयारी की गई, ताकि किसी भी अंदरूनी चोट की पुष्टि की जा सके। फिलहाल बच्चे का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में भी चर्चा का माहौल है और स्कूल प्रबंधन के रवैये को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल बच्चों के लिए सुरक्षित स्थान होने चाहिए और फीस को लेकर इस तरह का व्यवहार बेहद गंभीर मामला है। थाना प्रभारी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
.jpg)


.jpeg)





.jpeg)
.jpeg)

.jpeg)



Social Plugin