Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

वायरल बुखार का बदला रूप: 7 दिन तक नहीं उतर रहा बुखार, लिवर पर असर


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

जिले में वायरल बुखार का असर इस बार अलग तरह से देखने को मिल रहा है। मरीजों में बुखार जल्दी ठीक नहीं हो रहा और सात दिन तक बना रह रहा है। इसके साथ खांसी, जुकाम और सिरदर्द जैसी समस्याएं भी लोगों को कमजोर कर रही हैं।

रविवार को आयोजित जन आरोग्य मेलों में ऐसे मरीजों की संख्या बढ़ी नजर आई। जिले के 19 स्थानों पर लगे मेलों में 70 से अधिक मरीज वायरल बुखार से पीड़ित पाए गए, जबकि कुल 887 लोगों ने इलाज कराया।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इस बार बुखार के साथ कुछ नए लक्षण भी सामने आ रहे हैं। कई मरीजों में लिवर में सूजन की शिकायत मिल रही है, जिससे उल्टी और कमजोरी जैसी दिक्कतें बढ़ रही हैं। इसके अलावा त्वचा रोग, पेट दर्द और हड्डियों में दर्द के मरीज भी बड़ी संख्या में पहुंचे।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वेदप्रकाश ने स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मरीजों से बातचीत कर फीडबैक लिया। उन्होंने बताया कि सभी केंद्रों पर दवाइयों और उपचार की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि बुखार को हल्के में न लें और समय पर जांच व इलाज कराएं, ताकि स्थिति गंभीर न हो।