Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

अस्पताल में बंद पड़ा वाटर कूलर, मरीज और तीमारदार परेशान


HALCHAL INDIA NEWS

गढ़मुक्तेश्वर। भीषण गर्मी के बीच नगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में पेयजल की व्यवस्था चरमराई हुई है। अस्पताल परिसर में लगा वाटर कूलर लंबे समय से खराब पड़ा है, जिससे मरीजों और उनके साथ आए तीमारदारों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

हर दिन बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए अस्पताल पहुंचते हैं, जिनमें बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे भी शामिल होते हैं। तेज गर्मी में ठंडे पानी की सुविधा न मिलने से लोगों को या तो बाहर से पानी खरीदना पड़ रहा है या फिर हैंडपंप और अन्य साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है।

तीमारदारों का कहना है कि इस समस्या को कई बार अस्पताल प्रशासन के संज्ञान में लाया गया है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हो पाया है। गर्मी के इस मौसम में पानी जैसी बुनियादी सुविधा का अभाव लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है।

वहीं, सीएचसी अधीक्षक डॉ. शशिभूषण ने बताया कि वाटर कूलर की मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है और जल्द ही इसे चालू कर दिया जाएगा, जिससे मरीजों को राहत मिल सके।