Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

आंधी-बारिश से बिजली व्यवस्था चरमराई, ऊर्जा निगम को 12 लाख से ज्यादा का नुकसान


HALCHAL INDIA NEWS

गढ़मुक्तेश्वर। क्षेत्र में आई तेज आंधी और बारिश ने बिजली व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। सिंभावली, बहादुरगढ़, गढ़ नगर समेत आसपास के ग्रामीण इलाकों में कई जगह बिजली के खंभे टूट गए, तार क्षतिग्रस्त हो गए और ट्रांसफार्मरों में खराबी आ गई। इससे ऊर्जा निगम को 12 लाख रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान है।

तेज हवाओं के चलते ग्रामीण क्षेत्रों में सबसे ज्यादा नुकसान हुआ, जहां कई बिजली लाइनें पूरी तरह ठप हो गईं। कुछ स्थानों पर ट्रांसफार्मरों में तकनीकी दिक्कत आने से आपूर्ति बहाल करने में काफी परेशानी हुई। गुरुवार शाम तक भी कई इलाकों में बिजली आपूर्ति सामान्य नहीं हो सकी थी।

बिजली कटौती के कारण भीषण गर्मी और उमस के बीच लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित रही, जिससे लोगों में नाराजगी देखी गई।

ऊर्जा निगम की टीमें लगातार मरम्मत कार्य में जुटी रहीं। विभागीय कर्मचारियों ने रातभर अलग-अलग क्षेत्रों में लाइनें दुरुस्त करने का काम किया।

अधिशासी अभियंता सूर्यउदय कुमार ने बताया कि प्रभावित इलाकों में टीमें लगाकर तेजी से मरम्मत कार्य कराया जा रहा है। कई स्थानों पर आपूर्ति बहाल कर दी गई है, जबकि बाकी क्षेत्रों में काम जारी है।