Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

एक हेक्टेयर खेती पर तय मात्रा में ही मिलेगा यूरिया और डीएपी


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़ जिले में किसानों को अब निर्धारित मानक के अनुसार ही उर्वरक उपलब्ध कराए जाएंगे। कृषि विभाग ने फैसला लिया है कि एक हेक्टेयर खेती के लिए अधिकतम सात बैग यूरिया और पांच बैग डीएपी ही दिए जाएंगे। उर्वरकों का वितरण बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद किया जाएगा, ताकि कालाबाजारी पर रोक लगाई जा सके।

कृषि विभाग और कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों के अनुसार किसान अक्सर जरूरत से अधिक उर्वरकों का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे मिट्टी की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। वैज्ञानिकों ने प्रति हेक्टेयर सीमित मात्रा में ही यूरिया और डीएपी प्रयोग करने की सलाह दी है।

अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल जिले में उर्वरकों की कोई कमी नहीं है। गोदामों में पर्याप्त मात्रा में यूरिया और डीएपी का स्टॉक मौजूद है, जिससे आने वाले महीनों की जरूरत पूरी की जा सकती है।

इन दिनों जिले में गन्ने की बुवाई का कार्य चल रहा है। विभाग के मुताबिक फसल की शुरुआती अवस्था में यूरिया की आवश्यकता कम होती है, लेकिन फसल बढ़ने के साथ इसकी मांग बढ़ेगी।

उर्वरकों की कालाबाजारी रोकने के लिए विशेष निगरानी टीमें गठित की गई हैं। पहले भी कई मामलों में किसानों के नाम पर उर्वरक दूसरे जिलों और राज्यों में भेजे जाने की शिकायतें सामने आ चुकी हैं, जिन पर कार्रवाई की गई थी।

जिला कृषि अधिकारी गौरव प्रकाश ने किसानों से अपील की है कि वे वैज्ञानिकों द्वारा निर्धारित मात्रा में ही उर्वरकों का प्रयोग करें और अनावश्यक खरीद से बचें।