Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

आंधी और बारिश से रेलवे व्यवस्था प्रभावित, कई ट्रेनें रास्ते में रुकीं


HALCHAL INDIA NEWS

ब्रजघाट क्षेत्र में बुधवार सुबह आए तेज आंधी-तूफान और बारिश का असर रेलवे संचालन पर भी देखने को मिला। गंगा पुल के पास रेलवे की ओएचई लाइन पर पेड़ गिर जाने से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिसके चलते कई ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोकना पड़ा। इससे यात्रियों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार सुबह करीब साढ़े नौ बजे खराब मौसम के दौरान एक बड़ा पेड़ ओएचई लाइन पर गिर गया। घटना के बाद सुरक्षा कारणों से रेल यातायात अस्थायी रूप से रोक दिया गया। रेलवे कर्मचारियों और तकनीकी टीम ने मौके पर पहुंचकर लाइन को ठीक करने का काम शुरू किया।

इस दौरान बांद्रा-लालकुआं एक्सप्रेस (22543) लगभग दो घंटे तक गढ़मुक्तेश्वर स्टेशन पर रुकी रही। वहीं अवध असम एक्सप्रेस (15910) को सिंभावली स्टेशन पर करीब डेढ़ घंटे तक रोका गया। इसके अलावा समर स्पेशल एक्सप्रेस (04030) भी कुछ समय तक कुचेसर स्टेशन पर खड़ी रही।

करीब दो घंटे की मरम्मत के बाद रेलवे लाइन को फिर से चालू किया गया और ट्रेनों का संचालन सामान्य हो सका।