Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

अमावस्या पर ब्रजघाट में उमड़ा आस्था का सैलाब, डीएम-एसपी ने संभाली सुरक्षा व्यवस्था की कमान


HALCHAL INDIA NEWS

गढ़मुक्तेश्वर। ज्येष्ठ अमावस्या, शनिश्चरी अमावस्या और वट अमावस्या के अवसर पर शनिवार को ब्रजघाट और गंगाघाट पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही हजारों श्रद्धालु गंगा स्नान और पूजा-अर्चना के लिए घाटों पर पहुंचने लगे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आए। 

जिलाधिकारी कविता मीना और पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने ब्रजघाट एवं गंगाघाट पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था और कानून व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने घाटों पर तैनात पुलिस बल, बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, गोताखोरों और यातायात प्रबंधन का निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए।


डीएम कविता मीना ने मेला क्षेत्र में साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी व्यवस्थाएं लगातार मॉनिटर की जाएं। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। 


एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए पुलिस अधिकारियों को भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने और लगातार गश्त बढ़ाने को कहा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाटों पर कंट्रोल रूम, हेल्प डेस्क और अनाउंसमेंट सिस्टम भी सक्रिय रखा गया। प्रशासनिक अधिकारियों ने घाटों पर मौजूद श्रद्धालुओं से बातचीत कर व्यवस्थाओं का फीडबैक भी लिया।


डीएम कविता मीना ने कहा “आज अमावस्या पर्व पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु ब्रजघाट पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य कर रहा है।”


एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने कहा “ब्रजघाट और गंगाघाट क्षेत्र में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पर्याप्त पुलिस बल तैनात है और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। श्रद्धालुओं से अपील है कि प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और सहयोग बनाए रखें।”