Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे शिक्षक, चार बड़ी परीक्षाओं की तैयारी शुरू


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़ जिले में आगामी महीनों में होने वाली महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर शिक्षा विभाग सतर्क हो गया है। मई के अंत से जुलाई तक जिले में चार प्रमुख परीक्षाएं आयोजित कराई जाएंगी। परीक्षाओं को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी प्रधानाचार्यों, शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को बिना अनुमति मुख्यालय न छोड़ने के निर्देश दिए हैं।

जिले के कई सरकारी स्कूलों को परीक्षा केंद्र बनाया जाएगा। इन परीक्षाओं में प्रधानाचार्यों को केंद्र व्यवस्थापक समेत अन्य जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी, जबकि शिक्षकों और कर्मचारियों की भी विभिन्न ड्यूटियां लगाई जाएंगी।

जारी कार्यक्रम के अनुसार 31 मई को बीएड प्रवेश परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। इसके बाद 8, 9 और 10 जून को आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की भर्ती परीक्षा कराई जाएगी। यह परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में संपन्न होगी। वहीं 14 जून को राजकीय इंटर कॉलेजों में प्रवक्ता पदों के लिए लिखित परीक्षा आयोजित होगी। इसके अलावा 2, 3 और 4 जुलाई को यूपी टीईटी-2026 की परीक्षा भी दो पालियों में कराई जाएगी।

इन परीक्षाओं के लिए केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने पर संबंधित कर्मचारी स्वयं जिम्मेदार होंगे।

जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. श्वेता पूठिया ने बताया कि सभी परीक्षाओं को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए यह व्यवस्था लागू की गई है।