हापुड़ में भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट लगातार गहराता जा रहा है। नगर पालिका और जल निगम के बीच जिम्मेदारी तय न होने के कारण शहर के करीब 10 मोहल्लों के हजारों लोग पानी की किल्लत झेलने को मजबूर हैं। खराब नलकूप, फेल बोरिंग और कम प्रेशर की समस्या पिछले कई महीनों से बनी हुई है, लेकिन समाधान नहीं हो पा रहा।
बुलंदशहर रोड स्थित मोहल्ला कोटला में नगर पालिका के नलकूप की बोरिंग खराब होने के बाद दोबारा काम कराया गया, लेकिन अब भी पानी का प्रेशर बेहद कम है। स्थानीय लोगों का कहना है कि टंकियों में पर्याप्त पानी नहीं पहुंच रहा और कई हैंडपंप भी खराब पड़े हैं। कोटला, मोती कॉलोनी और आवास विकास कॉलोनी समेत कई इलाकों में लोगों को पानी के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।
वहीं गढ़ रोड पर पंप नंबर-1 पूरी तरह खराब हो चुका है और पंप नंबर-5 भी पर्याप्त पानी नहीं दे पा रहा। इसके चलते माता मोहल्ला, गोल मार्केट, कोठी गेट, बर्तन बाजार और नई आबादी जैसे क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति प्रभावित है।
अटल गौरव पार्क क्षेत्र में भी करीब छह माह पहले नया नलकूप लगाया गया था, लेकिन उस पर कम क्षमता की मोटर लगाए जाने के कारण पानी का प्रेशर नहीं बन पा रहा। गोपीपुरा, नूरबफान गंज, किशनपुरा और सराय बशारत अली जैसे मोहल्लों में लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि सुबह और शाम सीमित समय के लिए पानी आता है, लेकिन कम प्रेशर के कारण घरों की छतों पर लगी टंकियां तक नहीं भर पा रहीं। कई परिवार हैंडपंप और सबमर्सिबल के सहारे किसी तरह जरूरत पूरी कर रहे हैं।
जल निगम के अधिशासी अभियंता अमीरुल हसन ने बताया कि नए नलकूप लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और 15 मई को टेंडर खोले जाएंगे। हालांकि इसके बाद भी काम पूरा होने में करीब तीन महीने का समय लग सकता है।
.jpg)
.jpeg)



.jpeg)



.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)



Social Plugin