Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

नाबालिग से जेवर मंगवाकर बेचने का आरोप, तीन लोगों पर केस दर्ज


HALCHAL INDIA NEWS

गढ़मुक्तेश्वर में एक महिला अधिवक्ता ने अपने नाबालिग बेटे को बहला-फुसलाकर घर से सोने-चांदी के आभूषण मंगवाने और उन्हें बेचने का आरोप लगाते हुए तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

राजीव नगर निवासी शब्बीला परवीन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका बेटा अमन कक्षा पांच का छात्र है। आरोप है कि अमन की दोस्ती अहाताबस्तीराम निवासी एक लड़के से हो गई थी। इसी दोस्ती का फायदा उठाकर उससे घर से सोने के कंगन और अंगूठियां मंगवाई गईं।

महिला के अनुसार जब उन्होंने अपने जेवर तलाश किए तो वे घर में नहीं मिले। पूछताछ करने पर बेटे ने बताया कि वह आभूषण अपने दोस्त और उसकी मां को दे चुका है। इसके बाद जानकारी करने पर पता चला कि जेवर एक सराफा दुकान पर बेच दिए गए हैं।

पीड़िता का आरोप है कि जब वह दुकान पर पहुंचीं तो दुकानदार ने जेवर खरीदने की बात स्वीकार की, लेकिन विरोध करने पर अभद्रता की गई। वहीं, आरोपियों से जेवर वापस मांगने पर भी धमकी देने का आरोप लगाया गया है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शिकायत के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।