गढ़मुक्तेश्वर और गंगानगरी क्षेत्र में बुधवार सुबह मौसम अचानक बदल गया। तेज आंधी और बारिश के चलते दिन में ही अंधेरा जैसा माहौल बन गया। घने बादलों के कारण सूरज दिखाई नहीं दिया और तेज हवाओं से कई पुराने पेड़ जड़ से उखड़कर गिर पड़े। खराब मौसम का असर बिजली व्यवस्था पर भी पड़ा, जिससे कई इलाकों में घंटों तक बिजली आपूर्ति ठप रही।
.jpeg)
नक्का कुआं रोड स्थित कोतवाली के पास और न्यायालय परिसर में लगे पुराने पेड़ तेज हवाओं की चपेट में आकर गिर गए। अचानक पेड़ गिरने से वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। न्यायालय परिसर में मौजूद अधिवक्ता और कर्मचारी तुरंत सुरक्षित स्थानों की ओर भागे।
वहीं, नक्का कुआं रोड पर झोपड़ीनुमा मकानों के पास खड़ा एक बड़ा पेड़ भी उखड़कर बिजली के खंभों पर गिर पड़ा। हादसे में कई बिजली पोल क्षतिग्रस्त हो गए। पेड़ गिरते ही आसपास रहने वाले परिवार किसी तरह घरों से बाहर निकले और सुरक्षित स्थान पर पहुंचे। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पेड़ मकानों पर गिर जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। अधिकारियों के अनुसार राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
आंधी के बाद शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में कई जगह बिजली लाइनों पर पेड़ गिरने से करीब छह घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। बाद में बिजली विभाग की टीमों ने क्षतिग्रस्त तारों और पोलों को ठीक कर सप्लाई बहाल की।
Social Plugin