HALCHAL INDIA NEWS
हापुड़।
जिले में कड़ाके की ठंड का असर लगातार बना हुआ है। पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी के चलते मैदानी इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। सोमवार को न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि पछुआ हवाओं ने गलन को और बढ़ा दिया। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों तक ठंड और कोहरे से राहत नहीं मिलेगी।
सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा, जिससे सड़कों और हाईवे पर दृश्यता काफी कम हो गई। वाहन चालक हेडलाइट जलाकर धीमी गति से चलते नजर आए। ठंडी हवाओं और कम तापमान के कारण आम जनजीवन प्रभावित रहा। दिन में अधिकतम तापमान करीब 19 डिग्री और न्यूनतम आठ डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
दोपहर में कुछ समय के लिए हल्की धूप निकलने से थोड़ी राहत मिली, लेकिन शाम होते ही ठंड फिर से बढ़ गई। लोग ठंड से बचाव के लिए अलाव, हीटर और गर्म कपड़ों का सहारा लेते दिखे। मौसम वैज्ञानिक डॉ. अशोक कुमार के अनुसार पहाड़ों पर जारी बर्फबारी के कारण आने वाले दो-तीन दिनों में दिन और रात दोनों समय ठंड बढ़ने की संभावना है। नए साल के आसपास मौसम में बदलाव के साथ बारिश के भी आसार जताए गए हैं।
एक जनवरी तक स्कूल रहेंगे बंद
घने कोहरे और बढ़ती ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन ने 12वीं कक्षा तक के सभी बोर्ड (यूपी, सीबीएसई, आईसीएसई) के स्कूलों को एक जनवरी तक बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। पहले यह अवकाश 30 दिसंबर तक था, जिसे मौसम की स्थिति को देखते हुए बढ़ा दिया गया है। हालांकि अवकाश के दौरान शिक्षकों और कर्मचारियों की उपस्थिति स्कूलों में बनी रहेगी।




.jpeg)
.jpeg)

.jpeg)



Social Plugin