Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

गैस सिलेंडर को लेकर अफवाह से मचा हड़कंप, गोदाम पर उपभोक्ताओं का हंगामा; पुलिस ने संभाला मोर्चा


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

गैस सिलेंडर को लेकर फैली अफवाहों ने जिले में हड़कंप की स्थिति पैदा कर दी है। अफवाहों के चलते कई गैस गोदामों पर उपभोक्ताओं की लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं। लोग गैस की कमी की आशंका से पहले ही सिलेंडर लेने के लिए गोदामों का रुख कर रहे हैं। इसी क्रम में बृहस्पतिवार को टियाला गांव स्थित एचपी गैस गोदाम पर उपभोक्ताओं ने हंगामा कर दिया।

उपभोक्ताओं का आरोप था कि उन्होंने गैस की बुकिंग भी नहीं कराई, इसके बावजूद उनके मोबाइल फोन पर गैस बुकिंग और डिलीवरी के मैसेज आ रहे हैं। इससे उपभोक्ताओं में भ्रम की स्थिति पैदा हो गई। कई लोगों का कहना था कि जब उनके घरों में गैस सिलेंडर खत्म हो जाएगा और उन्हें वास्तव में जरूरत पड़ेगी, तब उन्हें करीब 25 दिन बाद ही बुकिंग के अनुसार सिलेंडर मिल पाएगा। इसी आशंका को लेकर उपभोक्ताओं ने गैस गोदाम पर जमकर हंगामा किया।


गोदाम पर हंगामे की सूचना मिलते ही हापुड़ देहात थाना प्रभारी नीरज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। उन्होंने उपभोक्ताओं को समझाकर शांत कराया और उन्हें भरोसा दिलाया कि किसी भी उपभोक्ता को गैस की कमी नहीं होने दी जाएगी। थाना प्रभारी ने लोगों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और बुकिंग प्रक्रिया के अनुसार ही गैस प्राप्त करें।

पुलिस की मौजूदगी में गोदाम पर गैस वितरण की व्यवस्था कराई गई और बुकिंग के अनुसार उपभोक्ताओं को सिलेंडर दिलवाए गए। इसके बाद उपभोक्ताओं ने हंगामा शांत कर दिया और स्थिति सामान्य हो गई।
उधर, प्रदेश सरकार ने भी गैस की कालाबाजारी को लेकर सख्त रुख अपनाया है। 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि पेट्रोल पंपों और गैस गोदामों पर कड़ी निगरानी रखी जाए और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इसी के तहत जिले के विभिन्न गैस गोदामों और पेट्रोल पंपों पर पुलिस की तैनाती की गई है।


देहात थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि कालाबाजारी और अवैध भंडारण के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस ने एक मकान में अवैध रूप से गैस सिलेंडरों का भंडारण करने के मामले में कार्रवाई करते हुए 32 सिलेंडर बरामद किए हैं। मामले में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।