Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

गोदाम में सो रहे कारोबारी की गला रेतकर हत्या, शव मिलने से इलाके में सनसनी


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक कारोबारी की गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना का पता गुरुवार सुबह चला तो इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

जानकारी के अनुसार बाबूगढ़ के अयाद नगर उत्तरी स्थित संस्कार कॉलोनी निवासी विनोद कुमार (42) बचलोता रोड पर स्थित अभय इलेक्ट्रॉनिक्स के गोदाम पर रात के समय सो रहे थे। इसी दौरान देर रात किसी अज्ञात हमलावर ने धारदार हथियार से उनका गला रेत दिया और मौके से फरार हो गया।

गुरुवार सुबह जब आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। हत्या की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

सूचना मिलने पर बाबूगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही फील्ड यूनिट को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार शुरुआती जांच में हत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हमलावर की पहचान हो सके। थाना प्रभारी मुनीष प्रताप सिंह ने बताया कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।